नई दिल्ली। राजधानी में दिसंबर के पहले हफ्ते में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। बुधवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है और कुछ इलाकों में शीतलहर को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

IMD के अनुसार, राजधानी का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। शुक्रवार को भी न्यूनतम तापमान इसी स्तर पर रहने का अनुमान है। सुबह के समय हवा मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी और इसकी गति 10 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, शनिवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।