नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा परिसर में हुए सुरक्षा उल्लंघन मामले में आरोपी सरबजीत सिंह को तीस हजारी कोर्ट ने आठ दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। यह आदेश दिल्ली पुलिस की उस अर्जी पर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आरोपी से विस्तृत पूछताछ और मामले की तह तक जाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।
मंगलवार को सामने आया कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति ने विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए कार से लोहे के गेट को तोड़ा। इसके बाद उसने परिसर में एक गुलदस्ता रखा और वहां से चला गया।
गिरफ्तारी और जांच
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान कार चालक की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई, जो वीआईपी गेट नंबर दो तोड़ते हुए परिसर में घुसा और बाहर निकलते समय बूम बैरियर से भी टकराया। घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी फुटेज में दर्ज हो गया था। पुलिस ने फुटेज की जांच के बाद सभी तीनों संदिग्धों को लगभग दो घंटे के भीतर पकड़ लिया।
सरबजीत सिंह के साथ हिरासत में लिए गए अन्य दो व्यक्तियों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में समय बढ़ाने का उद्देश्य पूरे मामले की गंभीरता से जांच करना है।