नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों के नामों से पर्दा उठा दिया है। पार्टी ने महापौर पद के लिए प्रवेश वाही और उप-महापौर के लिए मोनिका पंत को मैदान में उतारा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रवेश वाही का राजनीतिक अनुभव लंबा रहा है। वे 2007 से 2012 तक पार्षद रह चुके हैं और 2022 में एक बार फिर जीत दर्ज कर तीसरी बार पार्षद बने। बताया जाता है कि उनके परिवार का भारत आने का इतिहास भी खास रहा है, उनके पिता पाकिस्तान से भारत आए थे और शुरुआती समय में कश्मीर में रहने के बाद बाद में दिल्ली में बस गए।

निगम चुनाव प्रक्रिया के तहत मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्यों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख आज तय की गई है, जबकि मतदान 29 अप्रैल को होगा। उम्मीदवारों के चयन को लेकर भाजपा की बैठक प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी, जिसमें अंतिम मुहर लगाई गई।

भाजपा प्रत्याशियों की सूची इस प्रकार है:

  • महापौर: प्रवेश वाही (वार्ड 53 – रोहिणी ई)
  • उप-महापौर: मोनिका पंत (वार्ड 206 – आनंद विहार)
  • स्थायी समिति सदस्य व नेता सदन: जय भगवान यादव (वार्ड 27 – बेगमपुर)
  • स्थायी समिति सदस्य: मनीष चड्डा (वार्ड 82 – पहाड़गंज)

इस बार एमसीडी मेयर चुनाव के मुकाबले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी चुनाव में पूरी ताकत से उतरने का फैसला किया है और मेयर, डिप्टी मेयर तथा स्थायी समिति के पदों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।

आप नेताओं के मुताबिक, 23 अप्रैल को नामांकन के अंतिम दिन पार्टी द्वारा तय किए गए उम्मीदवार औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल करेंगे।