दिल्ली के करावल नगर स्थित दयालपुर इलाके में नगर निगम (MCD) की ओर से अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। सड़क किनारे सरकारी जमीन पर बने कई अवैध ढांचों को हटाने के लिए निगम की टीम ने बुलडोजर और अन्य मशीनों की मदद से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया है।

कार्रवाई के दौरान सैकड़ों अवैध निर्माणों के हिस्सों को चिन्हित कर हटाया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में हलचल का माहौल बना हुआ है।

नोटिस के बाद शुरू हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, संबंधित मकान मालिकों को लगभग 15 दिन पहले अवैध निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नगर निगम ने यह कार्रवाई शुरू की।

पुलिस बल की तैनाती, भीड़ जमा

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्रवाई देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुटी हुई है, जबकि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।