नई दिल्ली में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को लगातार बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) द्वारा अंतरराज्यीय रूटों पर भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है।

वर्तमान में दिल्ली–बड़ौत, दिल्ली–सोनीपत, दिल्ली–धारूहेड़ा, दिल्ली–पानीपत और नानकसर–गाजियाबाद जैसे मार्गों पर इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। वहीं, आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी बस सेवाओं का विस्तार किए जाने की योजना है।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाओं को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही दिल्ली से रेवाड़ी, करनाल और अलवर के लिए भी बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले रूटों पर भी बस संचालन की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।

लास्ट माइल कनेक्टिविटी पर जोर

सरकार का फोकस लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर भी है। इसके लिए आईआईटी दिल्ली के सहयोग से ‘देवी इलेक्ट्रिक बस’ के रूटों का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारण किया जा रहा है।

इस प्रक्रिया में डीटीसी के अनुभवी चालक, कंडक्टर और डिपो प्रबंधकों के सुझाव भी शामिल किए जा रहे हैं, ताकि संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पूर्वी जोन में 121, पश्चिमी जोन में 181 और उत्तरी जोन में 194 रूट निर्धारित किए गए हैं, जबकि दक्षिणी जोन में रूट निर्धारण का कार्य अभी जारी है।