नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो थाई नागरिकों के पास से करीब 48 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) बरामद किया है। यह हाल के समय में एयरपोर्ट पर की गई सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 22 मई को बैंकॉक से एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-2356) के जरिए दोनों यात्री दिल्ली पहुंचे थे। पहले से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर कस्टम विभाग ने उन पर नजर रखी हुई थी। ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान दोनों को रोककर पूछताछ की गई और फिर उनके सामान की विस्तृत जांच की गई।
तलाशी के दौरान दोनों यात्रियों के बैग से कुल छह वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया था। इनमें से एक यात्री के बैग से चार पैकेट मिले जिनका वजन करीब 29 किलो था, जबकि दूसरे यात्री के पास से दो पैकेट में लगभग 19 किलो गांजा बरामद हुआ। कुल मिलाकर जब्त माल का वजन 47.805 किलो पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।