कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े नेताओं और पार्षदों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पूर्व मंत्री सुजीत बोस के करीबी माने जाने वाले दमदम नगरपालिका के 35 नंबर वार्ड पार्षद टिंकू वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, टिंकू वर्मा पर 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा में शामिल होने के आरोप हैं। लेकटाउन थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारी की गई। इससे पहले भी सुजीत बोस के करीबी माने जाने वाले विधाननगर नगर निगम के 34 नंबर वार्ड पार्षद रंजन पोद्दार को कथित अवैध वसूली के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं 26 नंबर वार्ड के पार्षद सुशोभन मंडल उर्फ माइकल को भी रंगदारी के आरोप में पुलिस हिरासत में लिया गया था।
नानूर में तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों पर बमबाजी का आरोप
इधर, बीरभूम जिले के नानूर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं के घरों पर बम फेंके जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह हमला शुक्रवार रात थुपसारा क्षेत्र के ताखोरा गांव में हुआ, जहां बाप्पा चौधरी, आलो चौधरी, राहुल शेख, शेख फिरोज, शेख नाजिर और अबुल हुसैन शेख के घरों को निशाना बनाया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में कई बम फेंके गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों को घटना के बाद भागते हुए भी देखा गया है। तृणमूल कार्यकर्ता आरिफ अली ने आरोप लगाया है कि हमलावर पहले भी वसूली में शामिल रहे हैं और बाद में उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था।
तृणमूल पार्षद का शव मिलने से सनसनी
दक्षिण दमदम नगरपालिका के 18 नंबर वार्ड के पार्षद संजय दास का शव शनिवार सुबह उनके घर से फंदे से लटका मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह हाल के दिनों में हुई गिरफ्तारियों और राजनीतिक दबाव के कारण तनाव में थे।
हालांकि कुछ स्थानीय नेताओं का दावा है कि कुछ लोगों ने उनसे कथित तौर पर 10 लाख रुपये की मांग की थी, जिसके बाद वह मानसिक दबाव में थे। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक अदिति मुंशी भी अस्पताल पहुंचीं।