मुजफ्फरनगर में मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें ई-रिक्शा के पलटने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के गांव वजीराबाद निवासी 32 वर्षीय शहजाद मलिक के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शहजाद मलिक अपनी ई-रिक्शा लेकर मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान गांव छछरौली के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा सड़क पर पलट गई। हादसे में शहजाद उसके नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।


स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत मोरना स्थित एक नर्सिंग होम पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

शहजाद अपने पीछे दिव्यांग पत्नी खुशनुमा और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

सूचना मिलने पर मोरना चौकी प्रभारी पिंटू कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने इसे एक दुर्घटना बताते हुए किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।