दिल्ली। नीति आयोग के कार्यालय परिसर में शुक्रवार शाम हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़े ड्राइवर होने का दावा करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके दौरान बहस और हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।
सूत्रों के अनुसार, पकड़ा गया व्यक्ति संजीव कुमार है। जानकारी मिली है कि संजीव पानी लेने के बहाने परिसर में प्रवेश करना चाहता था।
नीति आयोग का दफ्तर संसद मार्ग पर स्थित है और 26 जनवरी को यहां गणतंत्र दिवस की परेड होने वाली है, इसलिए इलाके में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कड़ी सुरक्षा तैनात थी। सुरक्षा कर्मियों ने संजीव से पहचान पत्र और नीति आयोग में प्रवेश का अनुमति पत्र दिखाने को कहा।
कागजात मांगने पर संजीव ने बहस की और हालात थोड़ी देर के लिए तनावपूर्ण हो गए। मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की मौजूदगी के बाद स्थिति काबू में आई। व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसके पीएमओ से जुड़े होने के दावे की जांच की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा नियमों के तहत उसे रोका गया, क्योंकि वह परिसर में मौजूद होने का ठोस कारण नहीं बता पाया। प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद संजीव कुमार को जाने की अनुमति दे दी गई। उसके पास से कोई संदिग्ध या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली, हालांकि उसकी ड्राइविंग लाइसेंस की फोटो कॉपी अधिकारियों ने रख ली। दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।