दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शनिवार रात फिटनेस और खेल उत्साह का शानदार नजारा देखने को मिला। यहां नाइट रनर दिल्ली 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों प्रतिभागियों ने रात के समय दौड़ लगाकर एक अलग ही माहौल बना दिया।
इस इवेंट में हाफ मैराथन, 10.5 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन अलग-अलग श्रेणियां रखी गई थीं। शाम 7 बजे शुरू हुई इस रेस में हर उम्र के धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
हाफ मैराथन के नतीजे
महिला वर्ग में रेखा रावत ने 1:42:36 के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। अनूपमा शर्मा दूसरे और नीलांजना डे सिंह तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग में जोनाथन इशरवुड ने 1:24:35 के समय के साथ जीत दर्ज की, जबकि अजय यादव दूसरे और सिद्धार्थ सोलंकी तीसरे स्थान पर रहे।
5 किमी रेस
पुरुष वर्ग में रोहित सिंह चौहान ने 19:06 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। रवि सिंह दूसरे और विमल मौर्य तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में राधा किशोरी ने 23:15 मिनट के समय के साथ जीत दर्ज की। तनवीर कौर ढिल्लों दूसरे और एलेना सावेलेवा तीसरे स्थान पर रहीं।
10.5 किमी रेस
महिला वर्ग में चांदनी ने 45:58 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। जयंती थपलियाल दूसरे और केटी रुस तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग में आयुष शर्मा ने 40:43 मिनट के साथ बाजी मारी। राकेश कुमार सरन दूसरे और अंकित त्यागी तीसरे स्थान पर रहे।
पूरे आयोजन स्थल पर संगीत, लाइटिंग और चीयर जोन ने माहौल को उत्सव जैसा बना दिया। इस आयोजन ने दिल्ली में फिटनेस के बढ़ते क्रेज को दर्शाया और यह संदेश दिया कि राजधानी में अब रात के समय भी खेल और दौड़ का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।