दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए करीब एक महीने तक राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की रैलियों, नुक्कड़ सभाओं और पद-यात्राओं के जरिए चल रहे चुनाव प्रचार का शोर सोमवार शाम को छह बजे थम गया। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों पर पांच फरवरी यानी बुधवार को मतदान होगा। चुनाव नतीजे आठ फरवरी को आएंगे। इस बार दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर 699 उम्मीदवार मैदान में हैं।
आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला
चुनाव प्रचार के दौरान तीन प्रमुख दलों- सत्तारूढ़ AAP, विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने एक दूसरे के खिलाफ तीखे हमले किए। इस चुनाव में तीनों दलों के बीच मतदाताओं को लुभाने के लिए लोक-लुभावन चुनावी वायदे करने की होड़ देखी गई। अब मतदान खत्म होने से 48 घंटे पहले प्रत्याशी और पार्टियों के एजेंट घर-घर जा जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।
केजरीवाल के लिए यह चुनाव जनमत संग्रह
अब उम्मीदवार और राजनीतिक दल मोबाइल ऐप और दूरसंचार माध्यमों से संदेशों के जरिए समर्थन जुटाने में जुट गए है। इस बार के दिल्ली चुनाव को अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है। दिल्ली में AAP लगातार तीसरी बार अपना गढ़ बचाने की कोशिश कर रही है।
26 साल का वनवास खत्म करने की कोशिश में भाजपा
वहीं भाजपा 26 साल का वनवास समाप्त कर सत्ता में वापसी के लिए दम लगा रही है। इस तरह से कांग्रेस 12 साल बाद दिल्ली की सत्ता की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए पुरजोर दमखम लगा रही है। भाजपा ने दिल्ली चुनाव में अपने 40 स्टार प्रचारकों की फौज उतारी थी। इसकी कमान खुद पीएम मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली।
कांग्रेस ने शीला दीक्षित के कार्यों का दिया हवाला
इस बार कांग्रेस ने शीला दीक्षित के शासन काल में हुए विकास कार्यों को हवाल देकर लोगों से वोट देने की अपील की। कांग्रेस ने सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा की बदहाली को प्रमुखता से उठाया और लोगों को बेरोजगारी और महंगाई से मुक्ति दिलाने का वादा किया।
1.56 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पांच फरवरी को 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें से 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर वोटर हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए दिव्यांगजनों के लिए 733 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
सीमा से सटे इलाकों में शराब की दुकानें बंद
चुनाव आयोग ने यूपी और हरियाणा को चुनाव के दिन सीमा से सटे इलाकों में शराब की दुकानें बंद करने को कहा है। यह पाबंदी पांच फरवरी की शाम छह बजे तक लागू रहेगी। चुनाव आयोग ने पहली बार 'क्यू मैनेजमेंट सिस्टम' (क्यूएमएस) ऐप्लिकेशन शुरू की है। इससे मतदाता दिल्ली इलेक्शन-2025 क्यूएमएस ऐप से मतदान केंद्रों पर रीयल टाइम लोगों की मौजूदगी का पता लगा सकते हैं।
6,980 ने पहले ही डाल दिया है वोट
घर से मतदान की सुविधा के तहत 7,553 पात्र मतदाताओं में से 6,980 ने पहले ही अपना वोट डाल दिया है। यह सेवा 24 जनवरी से शुरू हुई जो चार फरवरी तक जारी रहेगी। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 220 कंपनियां, 19 हजार होमगार्ड और दिल्ली पुलिस के 35,626 जवान तैनात किए जाएंगे। आयोग की ओर से दिल्ली में 18,943 वीवीपैट तैयार रखी गई हैं।