सिरोही। जिले के पादर-मैथीपुरा मार्ग पर जोगियों का धोरा स्थित गोगाजी थान के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। हादसे में घायल बेटी और एक अन्य व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान, घायलों का इलाज जारी

पुलिस के मुताबिक, हादसे में वैराजेतपुरा (तहसील शिवगंज) निवासी शैलकुंवर (45), उनके बेटे श्रीपालसिंह (20) और विपुल (13) की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी मनीषा (16) गंभीर रूप से घायल है। इसके अलावा कार सवार पंकज कोली, जो गुजरात के बनासकांठा जिले के इकबालगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं, भी घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय मां और दोनों बेटे मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई।

घटना के बाद आसपास के लोग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

पालनपुर में तोड़ा दम

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुजरात के पालनपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मां और दोनों बेटों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

जांच में जुटा प्रशासन

हादसे की सूचना मिलते ही रेवदर सर्किल के अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, परिवहन विभाग के निरीक्षक मनीष खत्री, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी और स्थानीय प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।