दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में शनिवार देर रात तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग द्वारा पहले ही बहादुरगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर और बल्लभगढ़ सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई थी।

रविवार से दिल्ली के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसी को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार को राजधानी में सुबह से ही तेज धूप देखने को मिली, जो दोपहर तक और अधिक तीखी हो गई। हालांकि, हाल के दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण वातावरण में नमी बनी रही, जिससे तापमान में अचानक ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई।

सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक था। दिनभर आर्द्रता का स्तर 43 से 73 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में और बदलाव आएगा। राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली में आंशिक से घने बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आएगी। रविवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बुधवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं वायु गुणवत्ता के मोर्चे पर राहत बनी हुई है। दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स शनिवार को 144 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह 120 था, यानी हल्की गिरावट के बावजूद हवा अभी भी संतोषजनक स्तर पर बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता इसी स्तर पर रहने का अनुमान है।