नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और कई जगहों पर गिरे ओलों ने लंबे समय से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों को राहत दी।
नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के कई इलाकों में देर शाम तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट आई और मौसम काफी सुहावना हो गया।
फरीदाबाद में भी शाम के समय मौसम पूरी तरह बदल गया। दिनभर कभी धूप तो कभी बादलों की आवाजाही के बीच शाम होते ही तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद कई इलाकों में ओले भी गिरे।
तेज हवाओं के कारण सड़कों पर पड़ा कचरा उड़कर इधर-उधर फैल गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धूल और आंधी के चलते दोपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कत हुई। कई जगहों पर आंधी के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।
बारिश और ओलावृष्टि का असर कृषि पर भी देखा गया है। मंडियों में खुले में रखे गेहूं के कट्टों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, वहीं खेतों में खड़ी फसलों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर में यह बदलाव देखने को मिला है। अगले कुछ घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के जारी रहने की संभावना है। दिनभर की उमस और गर्मी के बाद शाम की बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है।