नई दिल्ली में बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई के दौरान एक गंभीर तकनीकी और सुरक्षा उल्लंघन का मामला सामने आया, जिसके चलते पूरी कार्यवाही बाधित हो गई और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था को दो बार बंद करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, चीफ जस्टिस की पीठ में नियमित सुनवाई चल रही थी, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी जुड़ी हुई थी। इसी दौरान अचानक किसी अज्ञात यूजर ने बिना अनुमति के सिस्टम में लॉगइन कर लिया और सुनवाई के बीच में अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक संगीत चलाने लगा।

अचानक हुई इस घटना से अदालत कक्ष में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए और तुरंत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को बंद कर दिया गया। कुछ समय बाद जब तकनीकी व्यवस्था को दोबारा शुरू किया गया, तो फिर से वही आपत्तिजनक सामग्री स्क्रीन पर दिखाई दी, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से वीसी को पूरी तरह रोक दिया गया।

इस घटना के बाद हाई कोर्ट प्रशासन ने गंभीरता से मामले का संज्ञान लिया है और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम में हुए इस अनधिकृत हस्तक्षेप को सुरक्षा में बड़ी चूक माना है। अदालत की ओर से इस मामले में दिल्ली पुलिस की IFSO (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिस्टम में सेंध कैसे लगी और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।