नई दिल्ली: मौसम विभाग का पूर्वानुमान मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह सटीक साबित नहीं हो सका। यलो अलर्ट जारी रहने के बावजूद तेज हवाओं और बारिश की उम्मीदें पूरी नहीं हुईं और राजधानी में दिनभर मौसम शुष्क रहा। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, देर शाम एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
दिन के समय तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हीट इंडेक्स 40.4 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस हुआ। सोमवार को भी मौसम का यही रुख देखने को मिला था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा सप्ताहांत तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना है।
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 39 से 68 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे उमस और बढ़ गई।
बुधवार को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।