लखनऊ। दिल्ली में मंगलवार देर रात खराब मौसम के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते दिल्ली जाने वाली तीन उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

अहमदाबाद से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-532 रात 12:25 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ पर सुरक्षित उतारी गई। मौसम में सुधार होने के बाद यह विमान सुबह 02:14 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

इसी तरह, गुवाहाटी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1042 को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया, जो रात 00:37 बजे लैंड हुई और 02:06 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भर सकी।

वहीं, चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2193 को भी लखनऊ में उतारा गया। यह विमान रात 12:43 बजे लैंड हुआ और मौसम सामान्य होने के बाद 02:48 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, सभी उड़ानों को दिल्ली में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण सुरक्षा के मद्देनज़र डायवर्ट किया गया था, और स्थिति सामान्य होने के बाद उन्हें आगे की यात्रा की अनुमति दी गई।