गुरुग्राम। राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, विशेषकर बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में सोमवार रात शहर के कई हिस्सों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान झुग्गी बस्तियों, किराए के मकानों, आवासीय कॉलोनियों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रहने वाले लोगों की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने मौके पर मौजूद लोगों से पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर उनके निवास रिकॉर्ड का मिलान किया।

अधिकारियों के अनुसार, जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाएंगे या जो भारत में अपने निवास को वैध रूप से साबित नहीं कर पाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वैध दस्तावेज रखने वाले भारतीय नागरिकों और विदेशी नागरिकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।