नई दिल्ली में बुधवार को पिछले 11 वर्षों में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। दिनभर छाए बादल, तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी ने राजधानी का मौसम खुशनुमा बना दिया। सुबह से ही दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहे।
दिन चढ़ने के साथ ही सूरज निकल आया, लेकिन दोपहर तक बादल फिर से घिरे रहे। मंगलवार को भी कई जगह हल्की बारिश हुई थी, जिससे हवा में ठंडक बनी रही। रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिली।
अप्रैल 2023 के बाद सबसे अधिक बारिश और कम तापमान:
बुधवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। इससे पहले अप्रैल में इतना कम तापमान 23 अप्रैल, 2016 को 27.2 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 41 से 100 प्रतिशत तक रहा। पालम, लोधी रोड और नजफगढ़ में दिन के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। पिछले 24 घंटों में राजधानी में 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अप्रैल 2023 के बाद की सबसे ज्यादा बारिश है।
गुरुवार का मौसम:
मौसम विभाग के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि यह बदलाव उत्तर-पंजाब और जम्मू-कश्मीर पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ। हालांकि, अब यह राहत का दौर समाप्त होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से आसमान साफ रहेगा और तापमान में तेजी से वृद्धि होगी।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। अनुमान है कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दिल्ली में गर्मी की वापसी होगी। अगले पांच-छह दिनों में अधिकतम तापमान में 6 डिग्री तक वृद्धि की संभावना है और 14 अप्रैल तक यह 36-38 डिग्री तक पहुंच सकता है।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में बुधवार का तापमान:
- पालम: 27.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 8.3 डिग्री कम)
- लोधी रोड: 28.0 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.0 डिग्री कम)
- रिज: 28.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.3 डिग्री कम)