नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रानीबाग इलाके में चलती स्लीपर बस में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए बस चालक और हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मंगोलपुरी स्थित एक फै्ट्री में काम करती है और अपने परिवार के साथ पीतमपुरा क्षेत्र में रहती है। सोमवार रात काम खत्म होने के बाद वह घर लौटने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक स्लीपर बस वहां आकर रुकी।

महिला का आरोप है कि बस में मौजूद व्यक्ति ने पहले उससे बातचीत की और फिर जबरन बस के अंदर खींच लिया। इसके बाद बस चालक और हेल्पर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसे नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास बस से नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि संबंधित बस दिल्ली और बिहार के बीच संचालित होती है। तकनीकी साक्ष्यों और रूट की जानकारी के आधार पर पुलिस ने बस को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।