फरीदाबाद। सेक्टर-24 स्थित एक औद्योगिक इकाई में सोमवार शाम अचानक आग लग गई, जिसमें दो पुलिसकर्मी और दस अन्य लोग झुलस गए। आग इतनी तेज़ी से फैल गई कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। घायलों को तुरंत पास के बादशाह खान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में स्टील प्लेट काटने के लिए सीएनसी मशीन का उपयोग होता है। शाम करीब 4 बजे मशीन से प्लेट काटते समय एक चिंगारी पास रखे केमिकल ड्रम से टकराई। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते फैक्ट्री के बड़े हिस्से में फैल गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने की कोशिशों के दौरान फैक्ट्री में मौजूद तेल से भरे ड्रमों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को भी आग की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन मुख्य कारण सीएनसी मशीन से निकली चिंगारी और केमिकल ड्रम में ब्लास्ट माना जा रहा है।
झुलसे लोगों में मनोज, लुकमान, अनीश, राकेश, विपिन और रविंदर सहित अन्य शामिल हैं। दो पुलिसकर्मी भी बचाव कार्य के दौरान झुलस गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री मालिक से पूछताछ की जा रही है।
फायर विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब आग पूरी तरह काबू में है, लेकिन फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की कमी पर सवाल उठ रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कड़े नियमों और दिशानिर्देशों की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है।