नारनौल: नगर परिषद के वार्ड नंबर 1, ढाणी किरारोद अफगान क्षेत्र में रविवार शाम करीब 6:23 बजे तेंदुए के दिखने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी पर तेंदुए का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तेंदुआ अभी तक नजर नहीं आया।

पिछले महीने 29 जनवरी को नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव दत्ताल में भी तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई थी। अभी यह साफ नहीं है कि नारनौल में देखा गया तेंदुआ वही है या कोई नया। घनी आबादी वाले इलाके में इसकी उपस्थिति से शहरवासियों में डर फैल गया है।

अरावली पहाड़ियों से लगे दत्ताल गांव में तेंदुए के दिखाई देने के बाद ग्रामीण काफी चिंतित थे। वन विभाग ने पहले भी तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था।

रजनीश कुमार, रेंज ऑफिसर, वन विभाग ने बताया, "मुझे इस घटना की जानकारी अभी मिली है। मैं टीम के साथ मौके पर जा रहा हूँ। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।"