कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतों में एकमुश्त 993 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि इस फैसले से आम लोगों की परेशानियां बढ़ेंगी और महंगाई से जूझ रही जनता में चिंता का माहौल है।
मायावती ने जताई नाराजगी
मायावती ने कहा कि देश में पहले से ही कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत की खबरें सामने आ रही थीं, ऐसे समय में कीमतों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी आम जनजीवन पर सीधा असर डालेगी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से लोगों में यह आशंका भी बढ़ गई है कि आने वाले समय में घरेलू रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ सकते हैं।
सरकार से पुरानी नीति जारी रखने की मांग
बसपा सुप्रीमो ने अपने बयान में कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा था। ऐसे में वही नीति अब भी जनहित और जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए जारी रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चाहे इसके पीछे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव जैसी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां हों या कोई अन्य कारण, लेकिन सरकार को आम जनता पर पड़ने वाले असर को ध्यान में रखकर फैसले लेने चाहिए।
दिल्ली में तीन हजार के पार पहुंच सकती है कीमत
नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत करीब तीन हजार रुपये से अधिक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, जिसका असर आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंच सकता है।
गरीब और मध्यम वर्ग पर असर
मायावती ने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लिए पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी नई मुश्किलें खड़ी करेगी। सरकार को अपनी नीतियां तय करते समय आम आदमी की स्थिति का आकलन जरूर करना चाहिए।
आगे और बढ़ोतरी की आशंका
कॉमर्शियल सिलिंडर महंगा होने के बाद अब बाजार में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।