चक्रवाती तूफान ‘ताऊ ते’ ने देश में बुरी तरह तबाही मचा रखी है। अब इसका असर हरियाणा में भी देखने को मिलने वाला है। जिसके मद्देनजर मौसम विभाग ने प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो, प्रदेश में 20 मई तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने वाली है।

बता दें कि 19 और 20 मई को भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर अंधड़, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम में आज रात से बदलाव शुरू हो जाएगा। जिसके चलते बारिश होने से एक बार फिर तापमान में गिरावट होने की संभावना है। जिससे की लोगों को गर्मी से राहत भी मिलेगी।

मौसम विभाग द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक अरब सागर में आए चक्रवाती तूफान ताऊ ते के कारण नमी वाली हवाएं गुजरात व राजस्थान से गुजरते हुए हरियाणा की ओर आएंगी। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा। जिसका असर 21 मई को कम हो जाने की संभावना है।

ऐसा रहेगा मौसम-

18 मई – येलो अलर्ट, तेज हवाएं, देर रात हल्की बारिश

19 मई – ऑरेंज अलर्ट, अंधड़, भारी से भारी बारिश के आसार

20 मई – ऑरेंज अलर्ट, अंधड़, भारी बारिश का पूर्वानुमान

21 मई – हल्के बादल, बूंदाबांदी