पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को पुरुलिया में चुनावी रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी राज्य में सत्ता में आती है, तो नॉनवेज खाने पर पाबंदी लगा दी जाएगी और मछली समेत अन्य नॉनवेज व्यंजन बंद कर दिए जाएंगे।

ममता ने रैली में कहा कि बीजेपी सत्ता में आने पर उनकी सरकार की ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को भी रोक देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी बंगाल जीतने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और चुनाव से पहले SIR के जरिए 1.2 करोड़ वोटरों के नाम हटा दिए गए। ममता ने कहा कि इसके बावजूद बंगाल की जनता बीजेपी को हरा देगी और इसके लिए लोगों को एकजुट होना होगा।

जैन मंदिर में प्रार्थना और नागरिक अधिकारों की बात

रैली से पहले मुख्यमंत्री पुरुलिया के जैन मंदिर पहुंची और प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने बंगाल के लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना की। ममता ने जोर देकर कहा कि हर नागरिक के अधिकार और गरिमा की रक्षा की जानी चाहिए और सभी लोग एकता, सहयोग और समावेशिता के मार्ग पर मिलकर आगे बढ़ें।

जैन मानस्तंभ और नई भूमि आवंटन

ममता बनर्जी ने बताया कि उनकी सरकार ने ‘जैन मानस्तंभ’ की स्थापना की है और न्यू टाउन में 5 एकड़ भूमि जैन मंदिर के निर्माण के लिए आवंटित की है। उन्होंने कहा कि बंगाल की सबसे बड़ी ताकत ‘विविधता में एकता’ से आती है और यह मूल्य हमेशा संजोए रखे जाएंगे।