नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गोवंश की अवैध तस्करी कर रहे आरोपियों और पुलिस के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से सात गोवंश, एक पिकअप वाहन और एक देशी कट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, नूंह-तावडू सीआईए और फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस की संयुक्त टीम एक्सप्रेसवे पर जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान गोवंश से भरे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का संकेत दिया गया। हालांकि वाहन चालक ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए बैरिकेडिंग तोड़ दी और फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसमें मौजूद सात गोवंश को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही एक अवैध हथियार भी बरामद किया गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गो-तस्करी और गोकशी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले करीब डेढ़ महीने के दौरान गो-तस्करों के साथ हुई विभिन्न मुठभेड़ों में छह आरोपी घायल हो चुके हैं। पुलिस का दावा है कि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।