रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के करौंथा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। राष्ट्रीय स्तर की नौकायन खिलाड़ी और महज 15 वर्ष की माया धनखड़ की तालाब में अभ्यास के दौरान डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस बात से हैरान है कि एक कुशल तैराक और राष्ट्रीय खिलाड़ी आखिर इस हादसे का शिकार कैसे हो गई।

माया धनखड़ पिछले काफी समय से नौकायन की तैयारी कर रही थीं और खेल के प्रति उनका जुनून उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक लेकर गया था। परिवार के अनुसार वह करीब डेढ़ साल से गांव के तालाब में नियमित रूप से अभ्यास कर रही थीं। गांव के लोग भी अक्सर उन्हें तालाब में घंटों मेहनत करते हुए देखते थे।

सोमवार शाम को भी माया अपने छोटे भाई के साथ रोज की तरह अभ्यास करने के लिए घर से निकली थीं। शाम करीब साढ़े चार बजे वह गांव के तालाब में अन्य बच्चों के साथ अभ्यास कर रही थीं। इसी दौरान वह तैरते हुए गहरे पानी की ओर चली गईं और अचानक डूबने लगीं।

परिजनों के मुताबिक, वहां मौजूद दो युवकों ने तुरंत तालाब में उतरकर माया को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

माया के पिता जेपी धनखड़ ने बताया कि उनकी बेटी खेल के प्रति बेहद समर्पित थी और हर दिन अभ्यास करती थी। वहीं छोटे भाई ने बताया कि माया तालाब को एक छोर से दूसरे छोर तक पार करने की कोशिश कर रही थीं। वह पहले भी कई बार ऐसा कर चुकी थीं, लेकिन इस बार हादसा हो गया।

मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल परिवार की ओर से किसी प्रकार की शिकायत नहीं दी गई है।

माया धनखड़ के असामयिक निधन से करौंथा गांव ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों में शोक है। एक उभरती हुई खिलाड़ी के यूं अचानक दुनिया छोड़ जाने से हर आंख नम है और लोग उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।