साध्वी यौन शोषण, पत्रकार छत्रपति और रणजीत सिंह की हत्या के दोषी गुरमीत राम रहीम ने अपना एक नया गाना लांच किया है। डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक शाह मस्ताना जी महाराज के अवतार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान डेरामुखी ने सोशल मीडिया पर गीत को लांच किया। यूपी के बागपत स्थित डेरा से ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें हरियाणा, पंजाब, यूपी, हिमाचल, राजस्थान समेत अन्य प्रदेशों से अनुयायी जुड़े। सिरसा डेरा में भी मुख्य कार्यक्रम हुआ। सोशल मीडिया पर 12 घंटे के दौरान इस गीत को करीब ढाई लाख लोगों ने देखा है।

डेरामुखी रोहतक स्थित सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। इन दिनों पैरोल पर बाहर है और यूपी के बागपत स्थित डेरा में रुका हुआ है। आठ नवंबर को डेरा के संस्थापक शाह मस्ताना जी महाराज का अवतार दिवस था। इस दौरान कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। शाम सात बजे प्रस्तावित कार्यक्रम रात करीब सवा 10 बजे शुरू हुआ। डेरामुखी ने ऑनलाइन माध्यम से अनुयायियों से जुड़कर संदेश दिया और बताया कि कहां-कहां से अनुयायी जुड़े हैं। इसके बाद एक के बाद एक प्रस्तुति शुरू हुई।

नशे के खिलाफ लांच किया गीत
राम रहीम ने स्वयं पर फिल्माया गीत लांच किया। जागो देश दे लोको, जागो दुनिया दे लोको शीर्षक से बने गीत में डेरामुखी नशा छोड़ने, नशा बेचने वालों पर शिकंजा कसने और ठेके बंद करवाने का आह्वान किया। डेरामुखी ने सोशल मीडिया पर इसे लांच किया। 12 घंटे के दौरान इस गाने को करीब 12 लाख से ज्यादा लोगों ने देख लिया है। इसके अलावा इसे विभिन्न मंचों पर शेयर भी किया गया है।

दिवाली पर भी पेश किया था गाना, खूब हुआ था प्रचारित
दिवाली पर भी डेरामुखी ने एक गीत लांच किया था। नित्त मनांदे दिवाली गीत सोशल मीडिया पर खूब प्रचारित हुआ। इसे करीब एक करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा। 24 अक्तूबर को लांच गाने के बाद अब डेरामुखी ने नया गीत पेश किया है।