देहरादून के मोहकमपुर फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे सीएनजी सिलिंडर ले जा रहे एक वाहन से अचानक गैस लीक होने की घटना घटी। घटना की जानकारी मिलने के बाद अफरा-तफरी मच गई।

थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि वाहन ऋषिकेश की ओर जा रहा था। फ्लाईओवर पर पहुँचते ही ट्रक से गैस लीक होने लगी। शुरुआत में चालक और वाहन में बैठे अन्य लोग इस बात का एहसास नहीं कर पाए, लेकिन कुछ ही समय बाद उन्हें स्थिति का अंदेशा हुआ और उन्होंने तुरंत गाड़ी रोक दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर दोनों दिशाओं का ट्रैफिक रोक दिया। गैस लीक की समस्या को नियंत्रित करने के लिए संबंधित विभाग की तकनीकी टीम को बुलाया गया।

पुलिस ने बताया कि अब लीकेज को ठीक कर दिया गया है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना टल गई है। घटना के कारणों की जांच जारी है। इसके अलावा संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस तरह की चूक न हो और सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।