गुरुग्राम। शीतला माता मंदिर में 4 अप्रैल तक चल रहे मेले को देखते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने मंदिर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। सुरक्षा और यातायात सुगमता सुनिश्चित करने के लिए वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। यह जानकारी रविवार शाम पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में दी गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, मेले के दौरान सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने की संभावना है। ऐसे में भारी वाहनों के सीधे मंदिर मार्ग से गुजरने पर रोक लगाई गई है। सभी वाहन चालक अब तय किए गए डायवर्जन रूट का पालन करेंगे, जिससे श्रद्धालुओं और अन्य वाहनों का आवागमन सुचारू बना रहे।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

  • सिग्नेचर टावर से नजफगढ़-द्वारका की ओर जाने वाले वाहन: एमडी चौक से कटारिया चौक गोल चक्कर से दाहिनी ओर मुड़कर पास्को रेड लाइट, सेक्टर 21, 22, रेजांगला चौक, कृष्णा चौक और बजघेड़ा फाटक के रास्ते जाएंगे।
  • सेक्टर 12 से सीआरपीएफ कैंप चौक आने वाले वाहन: डीएसडी कॉलेज चौक, रेलवे स्टेशन रोड और सेक्टर 4/7 चौक होते हुए रेलवे स्टेशन, सेक्टर 4,7,9,5 धनवापुर और दौलताबाद की ओर जाएंगे।
  • सेक्टर 5 गोल चक्कर से मंदिर मार्ग की ओर आने वाले वाहन: सेक्टर 5 गोल चक्कर से प्रकाशपुरी चौक और रेलवे रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
  • मंदिर मार्ग से हाईवे जाने वाले वाहन: कृष्णा चौक, रेजांगला चौक और पास्को रेड लाइट के रास्ते हाईवे तक पहुँचेंगे। वहीं राजीव चौक की ओर जाने वाले वाहन प्रकाशपुरी चौक, सेक्टर 4/7 चौक और न्यू कालोनी मोड़ होते हुए सोहना चौक, सोहना, राजीव चौक और जयपुर की ओर जाएंगे।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन मार्ग का पालन करें और मेला क्षेत्र में अधिक सतर्कता बरतें, ताकि कोई दुर्घटना न हो और मेला सुचारू रूप से संचालित हो सके।