सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में झूला दुर्घटना के मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे।

हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी थी। पर्यटन निदेशक पार्थ गुप्ता और फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को कड़े मानक लागू करने के निर्देश दिए।

इस हादसे में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, घायलों का उपचार जारी रहा और उनमें से पांच को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस ने बताया कि हादसे की पूरी जांच जारी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।