गुरुग्राम के सेक्टर-42 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार रात सड़क पर दबंगई की एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना का वीडियो एक कार चालक ने रिकॉर्ड किया और इंटरनेट पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक फॉर्च्यूनर कार से दो युवक उतरते हैं और पीछे से आ रही कार को रोकते हैं। इसके बाद वे कार में बैठे चालक को बाहर निकालते हैं और सड़क पर उसे लिटाकर मारपीट करते हैं। इस दौरान आसपास मौजूद लोग केवल तमाशबीन बने रहे।
पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें वीडियो के जरिए मिली है, लेकिन अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि आरोपितों की पहचान वाहन नंबर के आधार पर की जाएगी और मामले की जांच जारी है।