मंडी। हिमाचल प्रदेश के रिवालसर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सरकाघाट से सुंदरनगर जा रही एक निजी बस अचानक तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित हो गई। इस घटना में करीब 10 से 12 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।
डयाऊ नाला के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार निजी बस (HP-31A-4889) सरकाघाट से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। दुर्गापुर से करीब तीन किलोमीटर आगे डयाऊ नाला के पास अचानक बस का स्टीयरिंग रॉड टूट गया, जिससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे नाली की ओर मोड़ दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों को मामूली चोटें, अस्पताल में इलाज
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल रिवालसर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी यात्रियों को छुट्टी दे दी गई।
प्रशासन और पुलिस ने दी जानकारी
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जाने से यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि हादसे में 10 से 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं और सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।