दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में हिमाचल से 300 पदाधिकारी शामिल हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शपथ समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था। कैबिनेट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी शामिल किया गया है।
हिमाचल भाजपा के महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि हिमाचल के लिए यह खुशी की बात है कि छोटे से राज्य हिमाचल को कैबिनेट में जगह मिली है। हालांकि इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट में अनुराग ठाकुर कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं लेकिन इस बार भी हिमाचल को तरजीह दी गई है।
इससे हिमाचल के लोगों में खुशी की लहर है। बिहारी लाल ने बताया कि राष्ट्रपति के रात्रि भोज में भी हिमाचल भाजपा के पदाधिकारी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ा गया है। इससे पहले उनकी अध्यक्षता में राज्य में विधानसभा के चुनाव लड़े जा चुके हैं। उनकी ओर से बेहतर प्रदर्शन के चलते मोदी कैबिनेट में जगह दी गई है।