शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को पीटरहॉफ, शिमला में “स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर” पहल के तहत सिटीजन कनेक्ट प्रोग्राम के दूसरे चरण का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर सकारात्मक बदलाव के दौर से गुजर रहा है और बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण और नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार शहरी विकास के लिए नई और टिकाऊ नीतियाँ लागू कर रही है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी लघु दुकानदार सुख कल्याण योजना, 15 म्युनिसिपल शेरड सर्विसेज़ सेंटर, 9 नई ऑनलाइन सेवाओं, मुख्यमंत्री शहरी डिजिटल पहचान योजना, स्वच्छता सर्वेक्षण पुरस्कार योजना, सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट-हमीरपुर और शिमला, और शहरी विकास विभाग में हाइड्रोलिक पार्किंग की शुरुआत की। उन्होंने लाभार्थियों को सेटलमेंट और अवार्ड लेटर भी प्रदान किए तथा उत्कृष्ट कार्यों के लिए नगर निकायों को पुरस्कृत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी निकायों में एक ही पोर्टल पर सभी नागरिक सेवाएँ उपलब्ध करवाई जा रही हैं। हिम सेवा सुविधा पोर्टल इस तरह की पहलों में देश का सबसे अनूठा प्रयास है। उन्होंने शिमला सब्जी मंडी में 400 करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और हमीरपुर में शहर सौंदर्यीकरण के लिए 150 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। इसके अलावा, शहरी विकास विभाग के तहत 707 करोड़ रुपये की स्वीकृत योजनाओं को शीघ्र लागू किया जाएगा।

सुक्खू ने कहा कि शहरी आजीविका गारंटी योजना के तहत शहरी गरीबों को 120 दिनों का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा। उन्होंने भू-स्थानिक सूचना प्रणाली (GIS) तकनीक के जरिए संपत्ति सत्यापन, कर संग्रहण और राजस्व वृद्धि में पारदर्शिता लाने की पहल की जानकारी दी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने छोटे दुकानदारों के हित में 1 लाख रुपये तक के ऋण पर एकमुश्त भुगतान सुविधा की घोषणा की। डिजिटल डोर प्लेट के माध्यम से हर शहरी घर को विशिष्ट डिजिटल पहचान प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 36 शहरी स्थानीय निकायों में GIS आधारित मैपिंग कार्य पहले ही शुरू हो चुका है और बायोगैस संयंत्रों के माध्यम से कचरे से ऊर्जा और जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष 100 स्थान प्राप्त करने वाले नगर निकायों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, प्रदेश भर से शहरी निकाय प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।