हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली है। कुल्लू में बुधवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। वहीं प्रदेश की राजधानी शिमला में आज धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज राज्य के कई भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। आज से तीन दिनों तक कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 8 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। 9 जून से पूरे प्रदेश में मौसम साफ बने रहने की संभावना है। 

ऊना में तीखी धूप से बढ़ी परेशानी
ऊना में तीखी धूप है। इसके चलते शहर में लोगों का आना-जाना दोपहर के समय बहुत कम है। पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। जिले में प्रचंड गर्मी का कहर लगातार जारी है। बता दें, ऊना, मंडी और भुंतर में मंगलवार को लू चली। प्रदेश में तीन जगह ऊना, नेरी और धौलाकुआं में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। 

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 19.4, सुंदरनगर 20.6, भुंतर 15.5, कल्पा 7.9, धर्मशाला 21.0, ऊना 24.0, नाहन 24.6, केलांग 3.7, पालमपुर 21.5, सोलन 18.2, मनाली 12.5, कांगड़ा 23.8, मंडी 20.5, बिलासपुर 22.1, हमीरपुर 21.1, चंबा 19.0, डलहौजी 20.0, जुब्बड़हट्टी 23.4, कुफरी 17.0, कुकुमसेरी 3.2, नारकंडा 10.3, रिकांगपिओ 10.2, धौलाकुआं 25.5, बरठीं 21.1, पांवटा साहिब 29.0, देहरा गोपीपुर 21.0, ताबो 8.5, मशोबरा 18.0, सैंज 16.5 और बजौरा में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।