ढालपुर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में शुक्रवार रात मेला मैदान में लगी आग ने कहर बरपाया। आग से देवताओं के 12 और देवलुओं के 8 टेंटों सहित पांच दुकानें जलकर राख हो गईं। आग में एक पुलिस कर्मी सहित चार लोग भी झुलसे हैं। आधी रात आग लगने के बाद यहां हड़कंप मच गया। देवलुओं ने आग की लपटों के बीच बड़ी मुश्किल से अस्थायी शिविरों में विराजमान देवरथों को बाहर निकाला। अस्थायी शिविर के बाहर लगी एक कार भी आग की चपेट में आ गई।

जबकि देवताओं के ढोल, नगाड़े सहित अन्य सामान जल गया। आग की इस घटना में करीब 25 लाख का नुकसान हुआ है। जबकि दो करोड़ की संपत्ति आग से बचाई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलिंडर में धमाका होने के बाद एकदम से आग भड़क गई। महज 15 मिनट के अंदर ही तबाही मच गई। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को देवताओं के पास शाम की आरती की गई।

खाना खाने के बाद अस्थायी शिविरों में देवलू सोए हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहीं पर सिलिंडर फटने के बाद रात करीब दो बजे अचानक आग भड़क गई। एक शिविर में आग लगते ही अन्य शिविर भी आग की चपेट में आ गए। इस बीच देवलू भी नींद से जाग गए, देवलुओं को समझ नहीं आ रहा था कि क्या किया जाए। दमकल को भी सूचित किया गया। दमकल की गाड़ियां भी ढालपुर मैदान में ही थीं।

लेकिन टेंटों में लगे तिरपालों के चलते महज 15 मिनट में देवताओं के 12 टेंट, देवलुओं के आठ टेंट, चार जूतों की दुकानें, एक प्लास्टिक की बाल्टी वाली दुकान जल गई। हालांकि मौके पर तीन टेंटों को सुरक्षा के लिहाज से उखाड़ा गया, अन्यथा यह भी चपेट में आ सकते थे। देवलू सिर्फ देवरथों को ही बचा पाए, बाकी सामान जलकर राख हो गया। इस बीच एक पुलिस कर्मी और तीन अन्य भी झुलस गए।

चमन लाल का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि तीन को हल्के उपचार के बाद घर भेज दिया गया। जबकि आग की इस घटना में मार्कंडेय ऋषि पेड़चा, देवता शेषनाग विशलाधार, देवता पंचवीर खुनव, देवता आदि ब्रम्हा धारठा, देव पंचवीर करटाह, देवता जहल कुढ़ाची, देवता पंचवीर जिभी कंडी, देवता खोडू प्रेमनगर, देवता शांघड़ी स्तरीग, देवता पंचवीर सोती गांव, माता नरसिंगी कटराईं आदि के टेंटों को क्षति पहुंची है।

दिल्ली के सकुन, पिंटू सागर, राजू, नितिन कुमार की जूतों की दुकानें भी जल गईं। कांगड़ा के मनु राम की दुकान भी राख हो गई। घटना में कुछ देवी देवताओं के गहने सहित कुछ सामान भी लापता बताया जा रहा है। सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि आग की घटना के बाद फौरी तौर पर 25-25 हजार बंजतरियों व कारदारों को राहत दी जा रही है। वहीं दुकानदारों को भी 25-25 हजार राहत राशि प्रदान की जाएगी। कहा कि देवताओं के नुकसान की भरपाई की जाएगी। वहीं उनके स्थलों को पहले से भी बेहतर किया जाएगा।