कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC), शिमला पहुंचीं, जहां उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच की गई। डॉक्टरों ने उनकी ECG और MRI समेत अन्य जरूरी जांचें कीं। जांच के बाद वह अस्पताल से वापस लौट गईं। फिलहाल उनकी सेहत स्थिर बताई जा रही है।

सोनिया गांधी सोमवार को अपनी छुट्टियां बिताने शिमला आई थीं और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित निवास में ठहरी थीं। अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें IGMC लाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

https://twitter.com/ANI/status/1931328438176272777

मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने बताया कि सोनिया गांधी को मामूली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल लाया गया था, और उनकी स्थिति स्थिर है। इस खबर के बाद शिमला में राजनीतिक हलचल बढ़ गई। हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना भी अस्पताल पहुंचकर उनकी सेहत का हाल जाना।

IGMC शिमला के चिकित्सा अधीक्षक ने जारी बयान में बताया कि सोनिया गांधी की चिकित्सा जांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की देखरेख में की गई। सभी आवश्यक मेडिकल प्रोटोकॉल का पालन किया गया। जांच पूरी होने के बाद वह अस्पताल से चली गईं।