जौनपुर में चर्चित दूल्हा हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में वांछित और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी रवि यादव को पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लग गई, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी अपनी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित बच गए। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास हुई। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि रवि यादव इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

गौरतलब है कि 1 मई को बारात लेकर जा रहे 25 वर्षीय आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। मामले में कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें रवि यादव समेत तीन आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

घटना के बाद से पुलिस और एसटीएफ की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थीं। दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और नेपाल तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर चुकी है।