लखनऊ। प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के 29 अधिकारियों को जल्द ही भारतीय पुलिस सेवा (IPS) कैडर में पदोन्नति मिलने की संभावना है। इसके लिए चयन प्रक्रिया तेज कर दी गई है और रिक्त पदों के मुकाबले तीन गुना अधिक अधिकारियों के नाम संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को भेज दिए गए हैं।

यदि आयोग की ओर से इस प्रस्ताव पर कोई आपत्ति नहीं आती है, तो अगले महीने प्रदेश को 29 नए IPS अधिकारी मिल सकते हैं।

बैचवार चयन प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 के लिए निर्धारित 29 रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया में वर्ष 1998, 1999 और 2000 बैच के अधिकारियों के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं, जबकि तीन गुना नाम भेजने की अनिवार्यता के चलते 2001 बैच के कुछ अधिकारियों को भी सूची में रखा गया है।

कैसे होगी आगे की प्रक्रिया

डीजीपी मुख्यालय और राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर UPSC द्वारा विस्तृत समीक्षा की जाएगी। आयोग संबंधित अधिकारियों की सेवा रिकॉर्ड, गोपनीय रिपोर्ट और उनके खिलाफ चल रही किसी भी जांच की जांच करेगा।

इसके बाद विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें UPSC प्रतिनिधियों के साथ मुख्य सचिव, डीजीपी और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सहमति बनने के बाद गृह मंत्रालय द्वारा अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।

बड़ी सूची में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल

पदोन्नति के लिए जिन अधिकारियों के नामों पर विचार किया जा रहा है, उनमें कई वरिष्ठ PPS अधिकारी शामिल हैं, जिनमें विभिन्न बैचों के अनुभवी अधिकारी जैसे शोएब इकबाल, सत्यपाल सिंह, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राजकुमार, महेश सिंह अत्री, विनीत भटनागर, दीपिका अग्निहोत्री, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, हरेंद्र प्रताप यादव, रफीक अहमद, बंशराज सिंह यादव, डॉ. कृष्ण गोपाल, मधुवन कुमार सिंह, कपिल देव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, राजेश कुमार पांडेय, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चंद्र त्रिपाठी, पूर्णेंदु सिंह, हरेंद्र कुमार, मार्तण्ड प्रताप सिंह, अभय नाथ त्रिपाठी, पवित्र मोहन त्रिपाठी, देवेश कुमार शर्मा, प्रशांत कुमार प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, विनय चंद्रा, राजेश कुमार भारतीय, शुभ्रा भास्कर और प्रवीण सिंह चौहान शामिल हैं।