हिमाचल प्रदेश के मनाली में छुट्टियां मनाने आई एक बच्ची के साथ खतरनाक हादसा हो गया। जिप लाइन एक्टिविटी के दौरान अचानक केबल टूटने से बच्ची करीब 30 फीट नीचे खाई में गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घायल बच्ची को मनाली से चंडीगढ़ और फिर नागपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्ची को हवा में झूलते समय गिरते हुए देखा जा सकता है।
नागपुर से घूमने आया था परिवार
जानकारी के अनुसार, नागपुर निवासी प्रफुल्ल बिजवे अपनी पत्नी और बेटी त्रिशा के साथ गर्मियों की छुट्टियां मनाने मनाली पहुंचे थे। 8 जून (रविवार) को त्रिशा जिप लाइन के ज़रिए एक पहाड़ी से दूसरी पहाड़ी की ओर जा रही थी, तभी अचानक जिप लाइन की केबल टूट गई। इससे वह संतुलन खो बैठी और सीधे खाई में जा गिरी। हादसे में उसके पांव में गंभीर चोट आई है।
इलाज के लिए कई अस्पतालों में भर्ती
हादसे के बाद त्रिशा को तत्काल मनाली के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार न होने पर उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया। वर्तमान में त्रिशा को नागपुर लाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
त्रिशा के माता-पिता का आरोप है कि जिप लाइन एक्टिविटी में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। हादसे के समय भी स्थानीय प्रशासन या ऑपरेटर की ओर से कोई त्वरित सहायता नहीं मिली। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के बाद वे पूरी तरह से असहाय महसूस कर रहे थे।
वीडियो हुआ वायरल
इस दर्दनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें त्रिशा को जिप लाइन पर झूलते हुए देखा जा सकता है और फिर अचानक वह गिर जाती है। यह वीडियो पर्यटन स्थलों पर एडवेंचर एक्टिविटीज में सुरक्षा के स्तर पर गंभीर सवाल खड़े करता है।