लद्दाख में पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए बेहद संवेदनशील इलाकों में अवैध ऑफ-रोडिंग की घटनाओं पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के निर्देशों के बाद अब ऐसे मामलों में सीधे कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हाल ही में वन्यजीव विभाग ने चार अलग-अलग वाहनों पर कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। ये वाहन हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश से आए पर्यटकों के बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, इन वाहनों ने पैंगोंग झील, चांगथांग और नुब्रा जैसे संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी करते हुए ऑफ-रोड ड्राइविंग की थी। यह क्षेत्र अपनी नाजुक पारिस्थितिकी और दुर्लभ वन्यजीवों के लिए जाना जाता है।

कुल मिलाकर चारों वाहनों पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई भविष्य में ऐसे उल्लंघनों को रोकने और लद्दाख के संवेदनशील इकोसिस्टम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक स्पष्ट संदेश है।