जम्मू: नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार को जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान गोली चलाने की घटना सामने आई। हालांकि इस हमले में डॉ. अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पुरानी मंडी निवासी कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित रॉयल पार्क में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब दोनों नेता बाहर निकलकर अपनी गाड़ियों की ओर बढ़ रहे थे, तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को तुरंत पकड़ लिया और उसे काबू में कर लिया। बाद में आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हिरासत में आरोपी कमल सिंह जम्वाल ने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से डॉ. फारूक अब्दुल्ला को निशाना बनाना चाहता था और बुधवार को उसे मौका मिल गया। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह हथियार लेकर समारोह स्थल तक कैसे पहुंचा।
इस घटना के बाद पूरे जम्मू शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने इस घटना को सुरक्षा में चूक बताया है। वहीं मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने कहा कि यह राहत की बात है कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “अल्लाह की मेहरबानी से मेरे पिता सुरक्षित हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बेहद करीब पहुंच गया और गोली चला दी, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और बड़ी घटना टल गई।”
कांग्रेस विधायक एजाज अहमद जान, जो उस समय समारोह में मौजूद थे, ने बताया कि समारोह से बाहर निकलते वक्त एक व्यक्ति तेजी से आया और पीछे से डॉ. फारूक अब्दुल्ला की पीठ की ओर रिवॉल्वर तानकर गोली चला दी, लेकिन निशाना चूक गया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे जमीन पर गिराकर पकड़ लिया और उसके हाथ से हथियार छीन लिया।
प्रत्यक्षदर्शी राकेश सिंह के अनुसार घटना के समय समारोह में लोग सामान्य रूप से बैठे हुए थे। तभी डॉ. अब्दुल्ला के जाने के दौरान एक व्यक्ति अचानक उनके करीब पहुंच गया और हथियार निकालकर गोली चला दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते हमलावर को पकड़ लिया गया और किसी को चोट नहीं आई।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।