जम्मू कश्मीर। पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर रविवार देर शाम तनाव की स्थिति देखने को मिली, जब पाकिस्तानी सेना की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। बालाकोट क्षेत्र के तारकुंडी के पास अग्रिम भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, यह फायरिंग शाम करीब 5 बजकर 27 मिनट पर शुरू हुई और लगभग 5 बजकर 35 मिनट तक चली। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने यूनिवर्सल मशीन गन (UMG) से भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।
भारतीय सेना ने भी तुरंत और प्रभावी तरीके से जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद सीमा पार से फायरिंग बंद कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
सेना की जवाबी कार्रवाई से थमी फायरिंग
भारतीय सेना की मुस्तैदी के चलते पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी जल्द ही रुक गई। फिलहाल इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
सेना की ओर से अभी तक इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और अग्रिम चौकियों पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बड़ी घटना
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पुंछ सेक्टर में एलओसी पर संघर्ष विराम उल्लंघन की यह पहली बड़ी घटना है। गोलीबारी के बाद सीमावर्ती इलाकों में कुछ समय के लिए स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल रहा।
हालांकि सुरक्षा बलों और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद हालात पूरी तरह नियंत्रण में आ गए हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।