जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को अपनी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों और सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायकों के साथ एक विशेष ऑफ-साइट बैठक की। यह बैठक श्रीनगर के दाछिगाम नेशनल पार्क क्षेत्र में आयोजित की गई।

यह बैठक ऐसे समय पर हुई है जब विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने सरकार के अल्पमत में आने और कुछ विधायकों के पाला बदलने की संभावना जताई थी।

बसों से पहुंचे विधायक

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि सभी विधायक बसों के जरिए बैठक स्थल तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बैठक सरकार के 19 महीने के कार्यकाल की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई थी, जिसमें उपलब्धियों से लेकर कमियों और चुनौतियों तक सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।

आयोजन स्थल को लेकर चर्चा

सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में बैठक मुख्यमंत्री आवास पर प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसे दाछिगाम नेशनल पार्क क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।

हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बैठक स्थल में कोई बदलाव अंतिम समय में नहीं किया गया, बल्कि इसे पहले से ही दाछिगाम में आयोजित करने की योजना बनाई गई थी और सभी तैयारियां उसी अनुसार की गई थीं।

विकास और जनहित पर चर्चा

मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए आमंत्रण पत्र में बताया गया था कि बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों और सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस बैठक में सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों के साथ-साथ चार निर्दलीय विधायक भी शामिल हुए जो सरकार को समर्थन दे रहे हैं।