धनबाद। धनबाद सिविल कोर्ट परिसर बुधवार सुबह अचानक खाली करा दिया गया जब अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए बम से धमकी दी। जज, कर्मचारी, वकील और अन्य मौजूद लोग तुरंत बाहर निकाले गए, जबकि सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए।

सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट प्रशासन को प्राप्त ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर में बम लगाए गए हैं और इसे विस्फोटित किया जा सकता है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

कोर्ट के 28 भवनों और पूरे परिसर को तुरंत सुरक्षित क्षेत्र में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने हर कमरे, चैंबर और कोने की विस्तार से तलाशी शुरू कर दी। आरपीएफ की डॉग स्क्वॉड टीम ने स्निफर डॉग्स के जरिए परिसर में जांच की। महिला आरक्षित पुलिस बल भी अतिरिक्त सुरक्षा के लिए बुलाया गया।

सीटीएसपी और थाना प्रभारी ने रोड से आते हुए तलाशी अभियान तेज किया। फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है।

हाल ही में रांची, पटना और अन्य शहरों में कोर्ट परिसर में मिली धमकियों में झूठा (होक्स) होना सामने आया था। संभव है कि यह मामला भी वैसा ही हो।

सुरक्षा कारणों से कोर्ट का कामकाज फिलहाल ठप है। वकील और अन्य लोग बाहर इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद ही कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।