समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा को ‘सौदागर’ करार देते हुए कहा कि यह सरकार हर चीज़ को बेचने और मुनाफाखोरी में लगी हुई है। उनका आरोप है कि इसी वजह से भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ रही हैं, जबकि बेरोजगारी भी चरम पर पहुंच गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बड़े-बड़े निवेश के सपने दिखाती रही, लेकिन असल में कोई निवेश नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान के अनुसार नहीं, बल्कि अपने मन के अनुसार शासन चलाती है। यह टिप्पणी उन्होंने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में युवा संगठनों की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।

बाबा साहब आंबेडकर जयंती पर गांव स्तर पर होगा आयोजन

सपा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि 14 अप्रैल को पार्टी बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती गांव स्तर पर मनाएगी। इस दौरान संविधान और लोकतंत्र पर संकट की स्थिति पर चर्चा होगी। उन्होंने वर्तमान समय को ‘अमृत काल’ नहीं बल्कि ‘संकट काल’ बताया। साथ ही संतों की हत्याओं और अपमान पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा लोकतंत्र की रक्षा करती है, जबकि भाजपा एकतंत्र के तरीकों पर चल रही है।

शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्राइमरी स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो रही और गरीब बच्चों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत ऑपरेशन किए जा रहे हैं और मरीजों को जरूरी दवा व इलाज नहीं मिल रहा। साथ ही उन्होंने कहा कि इंसानों के लिए जरूरी सिरिंज की जगह जानवरों के लिए सिरिंज खरीदी जा रही है।

कानून व्यवस्था चौपट, किसानों और उद्योगों की हालत खराब

यूपी में कानून व्यवस्था को चौपट बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के क्षेत्रों में भी दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कानपुर के उद्योग और किसानों की समस्याओं के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। यादव ने कहा कि किसानों को आलू का उचित दाम नहीं मिल रहा और लखनऊ का ग्रीन कॉरिडोर गलत डिजाइन की वजह से बर्बादी का कारण बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी बिजली कारखाना नहीं लगाया, जबकि सपा सरकार ने कई प्लांट लगाए थे।

युवाओं से किया बूथ स्तर पर जुटने का आह्वान

अखिलेश यादव ने युवा संगठनों से अपील की कि 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लिए वे बूथ स्तर तक सक्रिय हों। उन्होंने कहा कि पार्टी को युवा शक्ति पर पूरा भरोसा है और समाजवादियों को भाजपा के षड्यंत्रों से सतर्क रहना चाहिए। यादव ने कहा कि सजग रहकर भाजपा के षड्यंत्र को विफल करना ही समाजवादी पार्टी का उद्देश्य है।