डुमरी के निमियाघाट थाना क्षेत्र के घुटवाली के पास शुक्रवार को पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की बेरहमी से हत्या कर दी गई और अपराधियों ने शव को जलाने का भी प्रयास किया।
सुबह ही घटना की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंची और खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा रोष है। आक्रोशित लोगों ने डुमरी–फुसरो रोड को जाम कर दिया है और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी तथा उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती, सड़क जाम खुलने की संभावना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, राकेश महतो झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कद्दावर नेता और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष थे। घटना स्थल झारखंड कॉलेज के संस्थापक शिवा महतो के खेत के पास है। सुबह किसी महिला ने खेत जाते समय शव और आग की जानकारी पुलिस को दी।
स्थानीय पुलिस ने स्थल को घेर लिया है और फोरेंसिक टीम के आने का इंतजार कर रही है। राकेश महतो की हत्या से परिजन और स्थानीय नेता गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि उन्होंने राकेश महतो से एक दिन पहले ही मुलाकात की थी।