ओरमांझी के एनएच-20 किनारे स्थित विकास हॉस्पिटल में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाइक सवार बदमाश ने अचानक अस्पताल की ओर गोली चला दी। यह वारदात करीब शाम 4:50 बजे हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के अनुसार, नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार युवक रांची से इरबा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसने अस्पताल की ओर निशाना साधकर फायर किया और तुरंत विकास गोलचक्कर की दिशा में फरार हो गया। गोली अस्पताल की दीवार में जाकर लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से 7.65 बोर का एक खोखा मिला है। अस्पताल के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई।

वारदात के समय अस्पताल संचालक राधाचरण सिंह वहां मौजूद नहीं थे। बाद में उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और हाल के दिनों में कोई विवाद भी नहीं हुआ, जिससे फायरिंग की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।