धनबाद: झारखंड में सरकारी और निजी स्कूलों में रामनवमी की छुट्टी की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह अवकाश 26 मार्च को निर्धारित था, लेकिन अब इसे बदलकर 27 मार्च कर दिया गया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची की अधिसूचना के आधार पर जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) आयुष कुमार ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश में बताया गया है कि विभिन्न स्रोतों और शिक्षक संगठनों से मिले अनुरोधों के बाद यह निर्णय लिया गया है। जानकारी के अनुसार इस वर्ष रामनवमी का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा, इसलिए 27 मार्च को अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 26 मार्च को राज्य सरकार के सभी कार्यालय सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे और नियमित कामकाज जारी रहेगा।

गौरतलब है कि झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नीलकंठ मंडल, जिला प्रधान सचिव आदित्य प्रसाद मिर्धा सहित अन्य शिक्षक संगठनों ने सरकार और शिक्षा विभाग से रामनवमी की छुट्टी 27 मार्च को करने की मांग की थी।

इसके अलावा धनबाद के डिनोबिली और कार्मल स्कूलों में भी पहले 26 मार्च को घोषित अवकाश को बदलकर अब 27 मार्च कर दिया गया है।